जिले में निर्वाचन समितियों के चुनाव तैयारी को लेकर बुलाई गई बैठक का निर्वाचन अधिकारियों ने विरोध कर हंगामा किया। अधिकारियों ने प्रशिक्षण देने वाले अधिकारियों पर चुनाव की तिथि, रिक्त पदों की जानकारी न होने का आरोप लगाया है।
जिले में सहकारी समितियों के रिक्त पदों पर चुनाव तैयारी को लेकर बुधवार को विकास भवन सभागार में निर्वाचन अधिकारियों का प्रशिक्षण होना था।
सभी निर्वाचन अधिकारी 10 बजे पहुंच गए, 12 बजे पहुंचे प्रशिक्षण अधिकारियों ने निर्वाचन अधिकारियों को समितिवार फाइलें बांट दी। निर्वाचन अधिकारियों ने जब रिक्त पदों की जानकारी मांगी तो अधिकारी बता नहीं सके। इसी बात को लेकर आयोजित प्रशिक्षण में निर्वाचन अधिकारियों (लेखपालों) ने हंगामा करना शुरू कर दिया। निर्वाचन अधिकारी बालेंद्र सिंह ने कहा कि किस समिति में कितने पद रिक्त है, उनकी सूची उपलब्ध कराई जाए तभी चुनाव कराए जाएंगे।
प्रशिक्षण की तैयारी न होने से निर्वाचन अधिकारियों ने विकास भवन गेट पर हंगामा किया और बिना प्रशिक्षण लिए वापस लौट गए। उधर सहायक निबंधक सहकारिता अनिल कुमार अग्रवाल का कहना है कि निर्वाचन अधिकारियों को समितिवार फाइलें दी गई है। प्रशिक्षण के बाद रिक्त पदों पर चुनाव कराया जाएगा।