महोबा। सपा की विजय रथ यात्रा के दौरान आयोजित जनसभा में बुधवार को मंच से गुलाबी गैंग कमांडर फरीदा बेगम ने मीडिया को बिकाऊ बताकर अशोभनीय शब्दो का प्रयोग किया। जिससे हंगामा खड़ा हो गया। कार्यक्रम कवरेज के लिए बैठे मीडियाकर्मी कार्यक्रम का बहिष्कार कर जाने लगे। इस दौरान सपा नेताओं ने मामला संभाला और गुलाबी गैंग कमांडर से मंच से माफी मांगने की बात कही। माफी न मांगने पर वह मंच से उतरकर महिला सदस्यों के साथ कार्यक्रम स्थल से चलीं गई।
पुलिस लाइन के समीप स्थित ग्राउंड में सपा की जनसभा चल रही थी। गुलाबी गैंग कमांडर फरीदा बेगम सैकड़ों महिला सदस्यों के साथ कार्यक्रम में पहुंची थी। कुछ मीडियाकर्मियों ने महिलाओं से बात करनी चाही तो उन्हेें रोका गया। इस दौरान गुलाबी गैंग कमांडर ने मंच से मीडिया कर्मियों के लिए अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया। जिस पर पत्रकारों ने नाराजगी जताते हुए सामूहिक बहिष्कार कर प्रेस गैलरी से जाने लगे। तब महोबा-हमीरपुर सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह यादव व हमीरपुर के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि जितेंद्र मिश्रा ने मंच से उतरकर हकीकत पूछने के बाद मीडियाकर्मियों को रोका। मीडिया के लोगों ने अशोभनीय शब्दों का प्रयोग करने वाली गुलाबी गैंग कमांडर से मंच से माफी मांगने की मांग की। जिस पर दोनों नेता मंच पर पहुंचे और माफी मांगने को कहा लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया। पूर्व मुख्यमंत्री के मंच पर आने का समय देख मौके की नजाकत को समझते हुए गुलाबी गैंग कमांडर को नेताओं ने मंच से उतरकर जाने को कहा। गुलाबी गैंग कमांडर मंच से उतरकर महिला सदस्यों के साथ कार्यक्रम स्थल से वापस लौट गईं। तब मामला शांत हो सका।
व्यापारी इंद्रकांत के परिजनों ने अखिलेश यादव को सुनाया दर्द
कबरई (महोबा)। बुधवार को जिले में आए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मृतक व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी के परिजनों ने मुलाकात कर 14 माह पूर्व हुए हत्याकांड के मुख्य आरोपी व एक लाख के ईनामी आईपीएस मणिलाल पाटीदार की गिरफ्तारी न किए जाने का दुखड़ा सुनाया। इस दौरान मृतक के भाई रविकांत ने पूर्व मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी व पीड़ित परिवार को शासन से सुविधा दिलाए जाने का प्रयास करने की मांग की।
बस यात्रियों से पूर्व मुख्यमंत्री ने मिलाया हाथ
महोबा। बांदा से विजय रथ यात्रा लेकर महोबा आ रहे सपा मुखिया अखिलेश यादव ने रास्ते में लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। कबरई-बांदा मार्ग में रथ के बगल से गुजर रही बस में सवार लोगों से पूर्व मुख्यमंत्री ने हाथ मिलाया। पूर्व सीएम से मिलकर लोग गदगद नजर आए।