कबरई (महोबा)। करीब पांच माह बाद आखिरकार शुक्रवार को नगर पंचायत कबरई की बोर्ड बैठक आयोजित हुई। सभासदों ने अध्यक्ष का वित्तीय पॉवर पांच लाख से घटाकर एक लाख रुपये किए जाने की मांग की। सभासदों की तीन बड़ी मांगों पर अध्यक्ष व ईओ ने सहमति दी है।
नगर पंचायत की बोर्ड की बैठक कराए जाने को लेकर सभासद लामबंद थे। सभासदों ने जिलाधिकारी गजल भारद्वाज को पत्र सौंपकर बोर्ड की बैठकें नियमित कराए जाने की मांग की थी। शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष राजकिशोरी कुशवाहा की अध्यक्षता बोर्ड की बैठक आयोजित हुई। इस दौरान सभासदों ने नगर पंचायत अध्यक्ष के वित्तीय पॉवर को पांच लाख से घटाकर एक लाख किए जाने, सभासदों से बदसलूकी करने वाले ठेकाकर्मी इंद्रपाल प्रजापति को 10 दिनों के अंदर हटाए जाने व बोर्ड की बैठक प्रत्येक माह नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग की। इन सभी मांगों पर अधिशासी अधिकारी और चेयरमैन ने सहमति जताई। जिसके बाद सभासदों ने रजिस्टर पर हस्ताक्षर किए। बैठक में सभासद नीरज सोनी, पिंकी, सुमित, धीरेंद्र शुक्ला, रमेश, हेमराज, सावित्री, कल्पना, बुद्धप्रकाश, प्रेमचन्द्र, चांदनी, रामकुंवर, भवानीदीन आदि मौजूद रहे।