जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश के लिए शनिवार को हुई प्रवेश परीक्षा में विभिन्न विद्यालयों के 3251 छात्र- छात्राओं ने शिरकत की। परीक्षा सुबह साढ़े ग्यारह बजे से डेढ़ बजे तक चली। परीक्षा दौरान परीक्षार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश के लिए जिले के डीएवी इंटर कालेज, राजकीय मकुंद लाल इंटर कालेज, जनतंत्र इंटर कालेज कुलपहाड़, राजकीय इंटर कालेज चरखारी, राजकीय इंटर कालेज पनवाड़ी सहित पांच परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश परीक्षा हुई।
परीक्षा के लिए सुबह से ही दूरदराज और ग्रामीण अंचलों से बच्चे अभिभावकों के साथ परीक्षा केंद्रों पर सुबह दस बजे से ही पहुंच गए, जहां पर चेकिंग के बाद परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश दिया गया।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा निर्धारित समय से कराई गई।
परीक्षा के लिए 3721 बच्चों ने आवेदन पत्र जमा किए थे, जिसमें से 3251 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। 470 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा नकल विहीन संपन्न कराने के लिए उप जिलाधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को पर्यवेक्षक बनाया गया, जिनके निर्देशन पर परीक्षाएं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य अवधेश चंद्र निगम ने बताया कि उत्तीर्ण परीक्षार्थियों को विद्यालय में प्रवेश कक्षा छह में दिया जाएगा।