महोबा। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में सात दिन पहले घर में अकेली किशोरी से तीन युवकों ने दुष्कर्म किया। बाद में किशोरी को जान से मारने के लिए आरोपियों ने जहर खिला दिया और भाग निकले। मेडिकल कॉलेज झांसी में तीन दिन तक चले उपचार के बाद किशोरी को होश आने पर उसने पूरी घटना बताई। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी 23 फरवरी की शाम घर पर थी। जबकि पिता व छोटा भाई खेतों पर गए थे। तभी मौका पाकर तीन युवक घर में घुस गए और किशोरी से दुष्कर्म किया। विरोध करने व परिजनों को घटना बताने की बात कहने पर आरोपियों ने किशोरी की मारपीट की और जान से मारने की नियत से जहर खिलाकर मौके से चले गए। देर शाम घर पहुंचे पिता ने जब किशोरी को अचेत अवस्था में देखा तो वह इलाज के लिए जिला अस्पताल लाए। हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। जहां 26 फरवरी को किशोरी को होश आया। तब उसने तीन युवकों द्वारा दुष्कर्म किए जाने के बाद जहर खिलाने की बात परिजनों से बताई।
झांसी से उपचार कराकर लौटे परिजनों ने शहर कोतवाली में घटना की तहरीर सौंपी। तहरीर आधार पर पुलिस ने रविवार को निदेश रैकवार, लल्लू रैकवार व जयकरन के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, दुष्कर्म व पॉस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली प्रभारी विपिन कुमार त्रिवेदी का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।