मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन करते शिक्षक
- फोटो : MAHOBA
महोबा। प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत उत्तरप्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने बुधवार को धरना-प्रदर्शन कर आवाज बुलंद की। बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित 17 सूत्री मांगों का ज्ञापन डीआईओएस को सौंपा। जिसमें पुरानी पेंशन बहाली व स्ववित्त पोषित शिक्षकों को समान कार्य के लिए समान वेतन दिलाए जाने की मांग की।
डीआईओएस कार्यालय परिसर में धरने पर बैठे जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार यादव ने कहा कि विभिन्न मांगों को लेकर शिक्षक परेशान है। उन्होंने सभी शिक्षकों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने, महंगाई भत्ते को पूर्ववत रखने, शिक्षकों के स्थानांतरण नीति का सरलीकरण और प्रोन्नत वेतनमान से स्नातकोत्तर उपाधि की बाध्यता समाप्त किए जाने की मांग की।
सेवानिवृत्त शिक्षक शिवकुमार गोस्वामी ने कहा कि ऐसे शिक्षक जो वर्ष 2005 से पूर्व नियुक्त है लेकिन विनियमित न होने के चलते तदर्थ आधार पर कार्यरत रहते हुए सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उन्हें पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करते हुए उसी आधार पर उनके अन्य सेवानिवृत्त लाभों का भुगतान किया जाए। धरने के बाद शिक्षकों ने डीआईओएस सुरेश प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपा। धरना प्रदर्शन में अखिलेश राजपूत, गया प्रसाद त्यागी, ललित सक्सेना, शंकरलाल, भरतपाल, ओमप्रकाश, सलीम मंसूरी, सीमा समेत 50 से अधिक शिक्षक शामिल रहे।