महोबा। वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में वाल्मीकि की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। प्राचार्य प्रो. सुशील बाबू ने कहा कि बाल्मीकि कृत रामायण वसुधैव कुटुंबकम की प्रतीक है।
गोष्ठी में प्राचार्य ने कहा कि रामायण में अर्थशास्त्र, राजनीति, भूगोल, ज्योतिष, धर्म, नीति आदि शास्त्रों का विस्तार से ज्ञान प्राप्त होता है। इसे जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। राजनीति विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. एलसी अनुरागी ने कहा कि रामायण जैसे महाकाव्य की रचना वाल्मीकि जैसे मनीषी से ही संभव थी। वाल्मीकि ने राम कथा के माध्यम से नैतिकता का संदेश दिया।
एनएसएस नोडल अधिकारी डॉ. संतोष पांडेय के नेतृत्व में एनएसएस स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं ने प्लास्टिक मुक्त महोबा का अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक पर्यावरण प्रदूषण का सबसे बड़ा कारक है।
इस मौके पर डॉ. प्रदीप कुमार, डॉ. डीके खरे, डॉ. शक्ति सक्सेना, डॉ. अनवर आलम, डॉ. सोवित गुप्ता, डॉ. बृजेश कुमार, डॉ. महेंद्र सिंह, हेमलता आदि मौजूद रहे।
इनसेट
भजन कीर्तन का आयोजन
महोबा। जनपद के प्रमुख श्री राम व हनुमान मंदिरों में दीपदान के साथ-साथ अनवरत 8, 12 एवं 24 घंटे का वाल्मीकि रामायण का पाठ किया गया। भजन व कीर्तन कर आम जनमानस को रामायण के आदर्श मूल्यों से परिचित कराया गया। वाल्मीकि चौक पर स्थापित महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर समाजसेवी शरद तिवारी दाऊ ने माल्यार्पण किया। रामकुंड धाम मंदिर में डीएसओ राजीव तिवारी, बजरंग मंदिर में एसडीएम सदर मो. अवेश, श्रीनगर हनुमान मंदिर में तहसीलदार सदर बालकृष्ण सिंह, प्रसिद्ध हनुमान मंदिर श्री कांकुन सरकार में एसडीएम चरखारी रमेश कुमार व तहसीलदार परशुराम, गड़ोखर धाम हनुमान मंदिर देवगनपुरा पनवाड़ी में बीडीओ राहुल पांडेय के नेतृत्व में कार्यक्रम हुए। (संवाद)