महोबा। डीजल-पेट्रोल की कीमतों में दिन-प्रतिदिन हो रही बेतहाशा वृद्धि के विरोध में शनिवार को सपाइयों ने शहर में साइकिल रैली निकालकर प्रदर्शन किया और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में राष्ट्रप्रति को संबोधित ज्ञापन सदर एसडीएम को सौंपा।
पिछले दस दिनों से डीजल और पेट्रोल की कीमतों में लगातार वृद्धि होने के विरोध में पार्टी के प्रांतीय आह्वान पर सपा जिलाध्यक्ष प्रान सिंह यादव, पूर्व अध्यक्ष शोभालाल यादव, जिला उपाध्यक्ष शाहिद राजू, योगेश योगी के नेतृत्व में साइकिल रैली निकाली गई, जो आल्हा चौक से होते हुए रोडवेज तिराहा, प्राइवेट बस तिराहा, तहसील चौराहा होते हुए तहसील पहुंची। यहां पर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। रैली में सपाई नारेबाजी करते हुए चल रहे थे। रैली के दौरान पुलिस ने सपाइयों को रोक लिया। जिससें सपा नेता और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। बाद में, सपाइयों को जाने दिया।
एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में बताया कि पेट्रो पदार्थों की कीमतों में हो रही वृद्धि से आम आदमी की कमर टूट गई है। डीजल की बढ़ती कीमतों से किसान कराह रहे हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें घटने के बाद भी डीजल-पेट्रोल की कीमतें बढ़ रही हैं। इससे लघु उद्यमी और किसान खासे परेशान हैं। ज्ञापन में पेट्रो पदार्थों की मूल्य वृद्धि वापस लेने की मांग की। साइकिल रैली में मुकेश यादव, धर्मेंद्र सिंह, मो. कफील, लवलेश राजपूत, अमित यादव, संतोष साहू, अवध किशोरी यादव आदि सपा कार्यकर्ता शामिल रहे।