खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच की प्रोत्साहन धनराशि देते बीईओ।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाने वाले शिक्षकों के बीच गुरुवार से टीचर्स प्रीमियर लीग की शुरुआत हो गई। पहला मुकाबला जैतपुर व कबरई के बीच हुआ। रोमांचक मुकाबले में जैतपुर ने कबरई को पांच रनों से हराकर मैच जीत लिया।
जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी गौरव शुक्ला व पवनेश पांडेय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। कबरई के कप्तान प्रमोद जादौन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी जैतपुर की टीम ने 20 ओवर के मुुकाबले में सभी विकेट खोकर 172 रन बनाए। जैतपुर की ओर से विशाल ने 53, देवकरन ने 42 व अमित ने 30 रनों का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कबरई की टीम की शुुरुआत धीमी रही। 18 ओवर होने के बाद कबरई को 12 गेंद में 14 रनों की जरूरत थी लेकिन 19वां ओवर लेकर आए देवकरन ने महज एक रन देकर दो विकेट झटक लिए। अंतिम ओवर में कबरई की टीम सात रन ही बना सकी। इससे जैतपुर ने यह मुकाबला पांच रनों से जीत लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले देवकरन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मुख्य अतिथि ने देवकरन को नकद धनराशि देकर पुरस्कृत किया।