महोबा। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण के तहत रविवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय आलमपुरा में जिला स्तरीय पाक कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें चारों ब्लाकों के विद्यालयों की 30 महिला रसोइयों ने हिस्सा लेकर पाक कला का प्रदर्शन किया। बढ़िया व्यंजन बनाने पर ब्लॉक जैतपुर के कन्या प्राथमिक विद्यालय सुगिरा की सियारानी को पहला स्थान मिला। सर्वश्रेष्ठ व्यंजन बनाने वाली रसोइयों को प्रशस्ति पत्र व नकद धनराशि देकर सम्मानित किया गया।
निर्णायक मंडल में शामिल डीआईओएस सुरेश प्रताप सिंह, जीजीआईसी की प्रधानाचार्या सरगम खरे, बीएसए सूर्यभान आदि ने पकवानों को चखा। बेहतर व्यंजन बनाने पर ब्लॉक जैतपुर के कन्या प्राथमिक विद्यालय सुगिरा की सियारानी को प्रथम स्थान मिला। ब्लॉक कबरई के प्राथमिक विद्यालय रहेलिया की भूरी देवी को दूसरा और ब्लॉक पनवाड़ी के कन्या प्राथमिक विद्यालय भरवारा की कैलाशी को तीसरा स्थान मिला। प्रथम विजेता को 3500, द्वितीय विजेता को 2500 और तृतीय विजेता को 1500 रुपये की नकद व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही शेष रसोइयों को 250 रुपये मार्ग व्यय व 250 रुपये सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
इस मौके पर सदर विधायक राकेश गोस्वामी, भाजपा जिला प्रभारी रामनरेश, खंड शिक्षाधिकारी प्रीति राजपूत, जिला समन्वयक अवनि मिश्रा, जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रधानाचार्या शबाना सिद्दीकी, बृजेश कटारे, विधायक प्रतिनिधि रोहित शर्मा, बालेंद्र मिश्रा, आनंद तिवारी व अलखराम पांडेय आदि मौजूद रहे।