महोबा। रेलवे भर्ती बोर्ड की ओर से आयोजित होने वाली परीक्षा में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। यह ट्रेनें ग्वालियर से प्रयागराज जंक्शन के बीच चलेंगी।
उत्तर-मध्य रेलवे झांसी मंडल के पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ग्वालियर-प्रयागराज स्पेशल का संचालन 25 से 29 नवंबर तक प्रतिदिन होगा। यह ट्रेन ग्वालियर स्टेशन से 6:20 बजे चलेगी। जो 8:40 बजे झांसी, 11:50 बजे महोबा, 1:10 बजे बांदा व 3:10 बजे चित्रकूटधाम कर्वी रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
इस ट्रेन का प्रयागराज पहुंचने का समय सुबह 6:30 बजे है। वहीं, प्रयागराज-ग्वालियर स्पेशल ट्रेन का संचालन 26 से 30 नवंबर तक होगा। यह ट्रेन प्रयागराज रेलवे स्टेशन से सुबह 8:30 बजे प्रस्थान करेगी। जो चित्रकूट धाम कर्वी सुबह 11:40 बजे, बांदा दोपहर 1:20 बजे, महोबा रेलवे स्टेशन पर दोपहर 2:30 बजे व झांसी रेलवे स्टेशन पर शाम 5:50 बजे पहुंचेगी।
इस ट्रेन का ग्वालियर पहुंचने का समय रात 9:20 बजे है। यह स्पेशल ट्रेनें पांच-पांच फेरे लगाएंगी। इन ट्रेनों में छह जनरल व एक स्लीपर कोच होगा। इससे रेलवे भर्ती के अभ्यथियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।