श्रीनगर (महोबा)। थाना श्रीनगर के ज्योरइया गांव में किसान ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक के भतीजे ने बताया कि खरीफ की फसल बर्बाद होने और सिंचाई के अभाव में रबी फसल की बोआई न हो पाने से चाचा परेशान रहते थे। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
ज्योरइया निवासी राजू शिवहरे (35) की पत्नी अभिलाषा के नाम पांच बीघा भूमि है। इसमें राजू खेती करके परिवार का भरण-पोषण करता था। शनिवार को पत्नी अपने बच्चों के साथ शादी समारोह में शामिल होने मायके गई थीं। दोपहर के समय राजू ने कमरे में पंखे के हुक से रस्सी का फंदा बनाकर फंदा लगा लिया। इससे उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की। मृतक के भतीजे भूपेंद्र कुमार ने बताया कि खरीफ की फसल में चाचा को नुकसान हो गया था। इस बार उर्मिल बांध से नहर में पानी नहीं छोड़ा गया, इससे खेत की बोआई नहीं हो पाई।
इसी के चलते चाचा ने यह कदम उठाया। थानाध्यक्ष शिवपाल सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।