चरखारी (महोबा)। चरखारी में नौ सितंबर को इलेक्ट्रॉनिक व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस मामले में रविवार को प्रदेश स्तर से गठित सपा के दस सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान मृतक के परिजनों को 51 हजार रुपये की आर्थिक मदद की गई।
सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने व्यापारी हत्याकांड के हत्यारों पर सत्ता पक्ष के संरक्षण का आरोप लगाया। उन्होंने सरकार से एक करोड़ की सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे तो बाद में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। प्रदेश स्तर पर मामला पहुंचने के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गठित किया।
प्रतिनिधि मंडल में शामिल सांसद, कोआपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष पुष्पेंद्र यादव, जिलाध्यक्ष शोभालाल यादव, प्रदेश सचिव कप्तान सिंह राजपूत, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी, रामलखन चौरसिया, रामजीवन यादव, दीपक चौरसिया, लालता व बसंत राजपूत ने मृतक व्यापारी के घर पहुंच जानकारी ली।
मृतक के भाई मोहित ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाए। प्रतिनिधि मंडल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को रिपोर्ट सौंपकर जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई करवाने का भरोसा दिया।