महोबा। कोतवाली के ग्राम मामना में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे माता-पिता पर छोटे बेटे ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट आने के चलते पिता की मेडिकल कॉलेज झांसी में मौत हो गई, जबकि मां का एक कान कट जाने से उसका इलाज चल रहा है। मृतक के बड़े बेटे की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना से गांव में सनसनी का माहौल है।
ग्राम मामना निवासी गुड्डा अहिरवार (70) के तीन पुत्र देवीदीन, प्रकाश व खेमचंद्र है। तीनों एक ही मकान में अलग-अलग रहकर मजदूरी का काम करते हैं। बुधवार की देर शाम गुड्डा अहिरवार का सबसे छोटा पुत्र खेमचंद्र अपनी पत्नी हरबाई से झगड़ा कर रहा था। बहू की मारपीट पर शोर सुनकर पिता गुड्डा अहिरवार व मां प्यारीबाई (68) बीच-बचाव करने पहुंच गए। नाराज खेमचंद्र ने माता-पिता पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। धारदार कुल्हाड़ी लगने से पिता का सिर फट गया, जबकि मां का एक कान कट गया।
गंभीर हालत में परिजनों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां गुड्डा की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के दूसरे नंबर के बेटे प्रकाश ने शहर कोतवाली पहुंच पूरी घटना बताई। पुलिस ने खेमचंद्र के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जांच जारी है।