अस्पताल में कैदी के बयान लेते एसडीएम
- फोटो : अमर उजाला
महोबा। जिला कारागार में हत्या के अपराध में सजा काट रहे कैदी पर गुरुवार को कुछ बंदियों ने हमलाकर धारदार ब्लेड से गला काट दिया। जिससे वह कारागार में गिर गया। आनन फानन में उसे रात्रि करीब आठ बजे जिला अस्पताल लाया गया। कैदी ने जेलर पर हमला कराए जाने का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी सदर को बयान दर्ज कराए है।
थाना श्रीनगर के ग्राम ज्यौरइया निवासी प्रताप सिंह पुत्र सुखदेव सिंह हत्या के मामले उम्रकैद की सजा जिला कारागार में काट रहा है। बताते है कि प्रताप सिंह ने एक पखवारा पहले जेल में होने वाले जुएं और खुलेआम जेल में कैदियों को गांजा मुहैया कराए जाने का विरोध किया था।
इसके बाद तारीख में अपर जिला जज की अदालत में भी जेल में खुलेआम गांजा पहुंचने व कमान के नाम पर रुपया लेने की शिकायत की थी। आरोप है कि इस पर जेलर प्रताप सिंह उससेे बुराई मान बैठा। कैदी प्रताप सिंह ने उपजिलाधिकारी को दिए बयान में बताया कि जेलर ने उससे 50 हजार रुपये मांगे थे।
जेल में गांजा मुहैया कराया जाता है। इसका विरोध करने पर उसने जेल के अस्पताल में कुछ बंदियों को भेजा। एक बंदी ने पीछे से हाथ पकड़ लिए और दूसरे ने गले में धारदार ब्लेड से हमला कर दिया। कैदी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कैदी का आरोप है कि जेल में कई बंदियों की जेलर मारपीट करा चुका है।
जिसकी अदालत में शिकायतें भी हुई है। जेलर आनंद कुमार सिंह का कहना है कि प्रताप सिंह की किसी बंदी ने पिटाई नहीं की है। बल्कि उसने अपने गले में ब्लेड से प्रहार किया है। उन्होंने 50 हजार रुपये मांगे जाने से इनकार किया है।