कुलपहाड़ (महोबा)। कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीजों की टेस्टिंग व सैंपलिंग की जानकारी प्रशासनिक अफसरों को न दिए जाने पर उप जिला अधिकारी मोहम्मद उवैस ने नाराजगी जताई है। साथ ही सीएमओ को भेजे पत्र में सभी सीएचसी प्रभारियों को समय से जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है।
कनकुआ ग्राम की महिला कोरोना संक्रमित मिलने के बाद नाराज एसडीएम कुलपहाड़ ने इस संबंध में सीएमओ को पत्र लिखा है। इसमें कहा है कि तहसील के सामुदायिक केंद्रों कुलपहाड़ और पनवाड़ी में संदिग्ध कोरोना मरीजों के सैंपलिंग व टेस्टिंग की कोई जानकारी नहीं दी जा रही। इन मरीजों और उनके परिजनों को सीधे गांव में क्वारंटीन करने के लिए भेज दिया जाता है। इससे अन्य लोगों को संक्रमण का खतरा पैदा हो जाता है। इससे पूर्व भी उप जिलाधिकारी मरीजों की सैंपलिंग संबंधी जानकारी देने के लिए पत्र लिख चुके हैं। इसके बावजूद भी स्वास्थ्य विभाग लापरवाह बना हुआ है।