महोबा। विकासखंड कबरई की ग्राम पंचायत मझलवारा में चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। अनुसूचित जाति के प्रधान ने दबंगों पर घर में घुसकर उसके व परिजनों के साथ मारपीट करने और सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया, जबकि दूसरे पक्ष ने भी मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। दोनों पक्षों से आठ लोग घायल हो गए।
मझलवारा ग्राम प्रधान पूरनलाल श्रीवास ने बताया कि सोमवार की सुबह घर के दरवाजे पर बैठा था। गांव के दस लोग चुनावी रंजिश को आए और पीटने लगे। बीच-बचाव करने दौड़ी पत्नी ऊषा के अलावा भाई व दोनों बच्चों को पीटा। गले में पड़ी सोने की चेन छीनकर ले गए।
दूसरे पक्ष के चंदन ने ग्राम प्रधान व उनके साथियों पर लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी से मारपीट करने का आरोप लगाया है। दूसरे पक्ष से भी चार लोगों को गंभीर चोटें आईं हैं। सभी को जिला अस्पताल भेजा गया। पीड़ितों ने पुलिस को अलग-अलग तहरीरें सौंपी है। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह का कहना है कि दो पक्षों से तहरीर मिली हैं।