महोबा। महोबा-कबरई मार्ग पर नकाबपोश बदमाशों ने भाई-बहन से मारपीट कर नगदी व जेवर लूट लिए। मारपीट के बाद बदमाशों ने नगदी, जेवरात व मोबाइल छीन लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना कबरई के उटियां गांव निवासी गोविंदा प्रजापति 19 अगस्त को अपनी बहन सुधा की ससुराल महोबा आया था। देर शाम भाई-बहन बाइक से रक्षाबंधन पर्व को लेकर घर लौट रहे थे। तभी बरी गांव के समीप घात लगाए बैठे बदमाशों ने बाइक रोक ली और तमंचा अड़ाकर सुधा का मंगलसूत्र, अंगूठी, एक हजार रुपये की नगदी, मोबाइल लूट लिया। इसके बाद बदमाश बाइक की चाबी निकालकर नाले में फेंककर फरार हो गए।
भाई-बहन ने शहर कोतवाली पहुंच घटना की तहरीर दी। पुलिस ने तीन बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।