बेलाताल/अजनर। मध्यप्रदेश के जिला छतरपुर के बड़ागांव के पास मंगलवार को ट्रक की टक्कर से महोबा के तीन लोगों की मौत हो गई थी। इसमें दंपती भी शामिल हैं। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार की रात तीनों के शव छतरपुर से गांव पहुंचे तो कोहराम मच गया। वहां मृतकों में एक ही दो भतीजियों की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। रिश्तेदारों ने दुखी परिजनों को सांत्वना देकर शांत कराया। इसके बाद धूमधाम की बजाय मंदिर में दोनों भतीजियों की शादी कराई गई। वहीं से दोनों को विदा कर दिया गया।
अजनर थानाक्षेत्र के नगाराडांग निवासी गोर्वधन यादव (48) पत्नी सुनीता (45) व बछेछर खुर्द निवासी साले नत्थू यादव (58) के साथ बाइक से झांसी जिले के मऊरानीपुर स्थित मंदिर में प्रसाद चढ़ाने गए थे। मंगलवार की रात बाइक से वापस लौटते समय छतरपुर जिले के बड़ागांव के पास ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में गोर्वधन व नत्थू की मौके और सुनीता की अस्पताल में मौत हो गई थी। बुधवार की रात तीनों के गांव पहुंचे तो मातम छा गया।
बताया गया कि नत्थू यादव की भतीजियों नेहा व अनभा की बुधवार को शादी थी। दुर्घटना में नत्थू की मौत होने से शादी की खुशियां गम में बदल गईं। बरात जल्दी बुलाकर पास के अकौना गांव के एक मंदिर से दोनों की शादी की रस्में कराईं गईं। मंदिर से ही दोनों को विदा कर दिया गया।