पनवाड़ी (महोबा)। छेड़छाड़ से आहत युवती के जान देने के मामले में पुलिस ने शोहदे व उसके पिता और भाई पर आत्महत्या के लिए उकसाने व धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की है। अपर पुलिस अधीक्षक आरके गौतम का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही उन्हें पकड़ भी लिया जाएगा।
बता दें कि महोबकंठ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 20 वर्षीय युवती ने शुक्रवार को घर पर फांसी लगाकर जान दे दी थी। युवती के पिता का आरोप था कि गांव का ही एक युवक उसकी बेटी को एक माह से परेशान कर रहा था। दो दिन पहले भी आरोपी ने घर में घुसकर बेटी को धमकाया था।
इसके बाद ही बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। पुलिस ने भी पीड़ित परिवार की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की थी। मामला चित्रकूटधाम मंडल परिक्षेत्र बांदा के आईजी एसके भगत तक पहुंच गया। इस पर शुक्रवार की देर रात ही पुलिस ने युवती के पिता की तहरीर पर मुख्य आरोपी उदयभान, उसके बड़े भाई करन व पिता मिहीलाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
- पिता और भाई ने भी धमकाया था
युवती के पिता ने तहरीर में बताया कि जब उदयभान की हरकतों की शिकायत करने वह उसके घर पहुंचा तो उसके पिता व बड़े भाई ने उन्हें धमकाते हुए देख लेने की धमकी दी थी। इस पर ही पुलिस ने उनके नाम भी रिपोर्ट में शामिल किए हैं।
- छेड़छाड़ व पुलिस पर लगे आरोपों की होगी जांच
दर्ज एफआईआर में छेड़छाड़ की धारा शामिल नहीं है। एएसपी का कहना है कि छेड़खानी की शिकायत की अलग से जांच कर धारा बढ़ाई जा सकती है। इसके अलावा पुलिस पर लगे आरोपों को देखा जाएगा। जो भी दोषी होगा, वह कार्रवाई से बचेगा नहीं।