खरेला (महोबा)। थाना खरेला के एक गांव में चाचा के घर जा रही अनुसूचित जाति की किशोरी को रास्ते से घर में खींचकर युवक ने दुष्कर्म किया। ग्रामीणों की भीड़ आती देख आरोपी भाग निकला और कार्रवाई के डर से जहर खा लिया। गंभीर हालत में परिजन उसे सीएचसी ले गए। जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत में सुधार होने पर आरोपी अस्पताल से भाग गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी अपनी बहन के साथ बाबा के घर में रहती है जबकि माता-पिता व भाई दिल्ली में रहकर मेहनत-मजदूरी का काम करते हैं। किशोरी ने बताया कि शनिवार की शाम वह घर से 100 मीटर दूर स्थित चाचा के घर जा रही थी। तभी रास्ते में 40 वर्षीय अविवाहित युवक ने उसे पकड़ लिया और खींचकर घर के अंदर ले गया। दरवाजा बंदकर उससे दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर पड़ोसियों को एकत्र होता देख आरोपी मौके से भाग निकला।
पीड़िता ने घर पहुंच मोबाइल से माता-पिता को पूरी घटना बताई। उधर, कार्रवाई के भय से आरोपी ने खेत जाकर जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन सीएचसी चरखारी ले गए। जहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। देर रात हालत में सुधार होने पर आरोपी भाग निकला।
रविवार की दोपहर दिल्ली से लौटे माता-पिता ने पीड़िता के साथ थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रदीप सिंह के खिलाफ दुष्कर्म, एससी-एसटी एक्ट व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। सीओ चरखारी उमेश चंद्र ने थाने पहुंच पीड़िता के बयान दर्ज किए।
थानाध्यक्ष शिल्पी शुक्ला का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। पीड़िता को डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।