महोबा। ट्रेनों के वातानुकूलित (एसी) कोचों में आरएसी (रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसलेशन) टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को पूरा बेडरोल उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें चादर, कंबल और लिनेन सहित संपूर्ण बेडरोल किट शामिल होगी। यह सुविधा एसी चेयर कार को छोड़कर सभी एसी श्रेणियों में उपलब्ध होगी।
पहले आरएसी यात्रियों को पूरा किराया चुकाने के बावजूद बेडरोल नहीं मिलता था। इससे यात्रियों को असुविधा होती थी। इसकी लगातार शिकायतें बढ़ रही थीं। रेलवे बोर्ड ने शिकायतों का संज्ञान लिया। बोर्ड ने चार अगस्त को सभी जोनल रेलवे को सख्त निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों में आरएसी यात्रियों को अन्य वास्तविक यात्रियों के समान ही पूरा बेडरोल देने के लिए कहा है। इस फैसले से आरएसी यात्रियों को यात्रा में राहत मिलेगी। साथ ही बेडरोल संबंधी शिकायतों में भी कमी आएगी।
उत्तर-मध्य रेलवे के झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आरएसी यात्रियों को पूरा बेडरोल सुविधा देने के स्पष्ट निर्देश हैं। रेलवे बोर्ड ने हाल ही में इन आदेशों का सख्ती से पालन कराने को कहा है। अनुपालन में झांसी मंडल की ट्रेनों में कोच अटेंडेंटों को सख्त हिदायत जारी की गई है।