महोबा। शहर के कारकदेव मंदिर से रेलवे ब्रिज तक सड़क व नाला निर्माण की मांग तेज हो गई है। शनिवार को मोहल्लेवासियों ने सड़क निर्माण को लेकर तहसील में प्रदर्शन किया। बाद में अपर जिलाधिकारी शिकायती पत्र सौंपकर सड़क का शीघ्र निर्माण कराए जाने की मांग की।
नारूपुरा वार्ड के सभासद नरेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में लखन, महेश, बृजेंद्र, राजकुमार, बाबूलाल, खेमचंद्र, मुन्नीलाल, छुटकाईं, बबलू आदि ने अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे जुबैर बेग को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि कारकदेव मंदिर से रेलवेब्रिज तक सड़क कच्ची है। जरा सी बारिश में सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है।
जिससे वाहन निकलना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल है। मिल्कीपुरा व रामकथा मार्ग का बारिश का पानी इसी मार्ग से गुजरता है। सड़क निर्माण के लिए कई बार समाधान दिवस व प्रभारी मंत्री को शिकायती पत्र सौंपे गए लेकिन आजतक सड़क और नाला का निर्माण न होने से लोगों में आक्रोश है।