बुंदेली समाज बिजली जुल्म खत्म करने के साथ गौरक्षा के लिए पोस्टकार्ड अभियान चलाएगा। इसके लिए आल्हा चौक स्थित अनशन स्थल पर आने वाले बिजली पीड़ितों से बिल माफी के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखेंगे ही साथ ही एक पोस्टकार्ड पतंजलि योगपीठ के प्रमुख बाबा रामदेव के नाम भी पोस्टकार्ड भेजा जाएगा। जिससे बुंदेलखंड की लाखों गायों को मौत के मुंह में जाने से बचाने के लिए गौशाला खुलवाया जा सके।
23 दिन से बिजली जुल्म के खिलाफ अनशन पर बैठे बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकार व अन्य अनशनकारियों का कहना है कि बिजली और पानी के लिए अभी तक प्रशासनिक स्तर से किए गए प्रयास नाकाफी रहे है। यहां अन्ना पशुओं की हालत अधिक खराब है। 50 लाख से अधिक पशु बेहाल हैं। इनमें गायों की संख्या सबसे ज्यादा है।
यदि बाबा रामदेव जिले में गौशालाएं खुलवाए तो न सिर्फ इन गायों की हालत में सुधार होगा वहीं रोजगार भी मिलेगा। संरक्षक सुखनंदन सिंह यादव व अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि बुंदेली समाज अब तक बिजली जुल्म रोकने के लिए करीब आठ हजार खत मुख्यमंत्री को भेज चुका है। अब बाबा रामदेव को 10 हजार पोस्टकार्ड भेजने का लक्ष्य रखा गया है।