घटना के बाद जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : MAHOBA
पनवाड़ी (महोबा)। महोबकंठ थाना क्षेत्र के घुटई गांव में बीमारी से परेशान महिला ने रविवार की रात घर में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। महिला का पति दिल्ली में रहता है। पुलिस ने पति को सूचना दे दी है।
घुटई गांव निवासी कल्याण कुशवाहा दिल्ली में मजदूरी करता है। पत्नी गीता (26) दो बच्चों पप्पू (4) व चाहत (2) के साथ घर पर रहती थी।
जानकारी मिली है कि लगभग तीन महीने से वह पेट की बीमारी से परेशान थी। आर्थिक स्थिति ठीक न होने से वह बेहतर इलाज नहीं करा सकी। एक सप्ताह पहले हालत बिगड़ने पर पड़ोसियों व ग्राम प्रधान मनोज पटेल ने सहयोग कर महिला का इलाज कराया, लेकिन आराम नहीं मिला। रविवार की रात गीता ने पंखे से रस्सी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
सोमवार की सुबह बच्चे जागे तो मां को फंदे पर लटकता देख रोने लगे। आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सीओ तेजबहादुर सिंह, तहसीलदार संजीव राय व थानाध्यक्ष महोबकंठ धीरेंद्र प्रताप ने पहुंचकर जांच की। पड़ोसियों ने बताया कि कुछ दिन पहले गीता पेट की बीमारी ठीक न होने पर छोटे-छोटे बच्चों का ध्यान देने की बात कह रही थी। पुलिस ने दिल्ली में रह रहे पति को सूचना देकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
----