कार की टक्कर से क्षतिग्रस्त कच्चा मकान।
- फोटो : MAHOBA
महोबा/कुलपहाड़। बेकाबू कार कच्चे मकान में जा घुसी। कार के घुसते ही मकान में सो रहे लोगों तेज आवाज से दहशत में आ गए, गनीमत थी कि किसी को चोट तक नहीं आई। जबकि हादसे में कार सवार सब इंस्पेक्टर समेत पांच लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि मकान व कार दोनों ही क्षतिग्रस्त हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया। मध्यप्रदेश के घोसीपुरा ग्वालियर निवासी हरीराम (56) ग्वालियर थाने में एसआई के पद पर तैनात हैं। रविवार की रात हरीराम बेटे अंकित उर्फ बिट्टू (22) व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से बांदा से लौट रहे थे।
करीब आठ बजे हाई वे पर गांव सुगिरा के समीप उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पार्वती कुशवाह के कच्चे मकान में जा घुसी। कार सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। मकान में सो रहे लोग भी धमाके की आवाज सुनकर बाहर निकल आए। कुछ ही देर में आसपास के लोगों की भीड़ भी एकत्र हो गई और जानकारी पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने कार चालक शिवपुरी निवासी राम प्रसाद(62) , हरीराम व बेटे अंकित के अलावा दरोगा के रिश्तेदार सरला (35) व जनकगंज निवासी अखिलेश (50) को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से अखिलेश, रामप्रसाद व सरला की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया।
उधर, सुगिरा निवासी पार्वती कुशवाहा ने एसडीएम स्वेता पांडे को शिकायती पत्र देकर बताया कि हादसे में उसका मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। पीड़िता ने क्षतिपूर्ति दिलाए जाने की मांग की है।