बेलाताल (महोबा)। कस्बा जैतपुर के मोहल्ला बाईपास में विवाहिता की मौत हो गई। गले में रस्सी का फंदा कसा होने पर मृतका की मां ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
थाना अजनर के अकौना गांव निवासी रामरतन ने अपनी पुत्री उमा (23) की शादी वर्ष 2016 में कस्बा जैतपुर निवासी बृजेश कुशवाहा से की थी। ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उससे मारपीट करते थे। गुरुवार की रात बेडरूम में उमा का शव फर्श पर पड़ा था और गले में दुपट्टे का फंदा कसा होने पर घटना संदिग्ध मानी जा रही है।
मृतका की मां तेज कुंवर ने बताया कि एक सप्ताह पहले उसकी बेटी से रुपयों की मांग को लेकर मारपीट की गई थी। उसने दामाद को घर बुलाया और परिवार के लोगों से रुपये एकत्र कर 70 हजार दिए थे।
नायब तहसीलदार कुलपहाड़ पंकज गौतम ने परिवार के लोगों के बयान दर्ज किए और अपनी मौजूदगी में शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के एक तीन वर्षीय पुत्र कामेश है। उधर कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे, अभी तहरीर नहीं मिली है।