बेलाताल (महोबा)। कुलपहाड़-नौगांव मार्ग पर कस्बा बेलाताल के समीप तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार पेंटर की मौत हो गई। दुर्घटना से आक्रोशित लोगों ने चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम व सीओ ने लोगों को समझा बुझाकर कार्रवाई का भरोसा दिया, तब एक घंटे बाद जाम खुला। युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और जान चली गई।
जनपद बाराबंकी निवासी अनिल कुमार (32) बीते दस वर्षों से कस्बा बेलाताल के मोहल्ला खंदियापुरा में रामअधार के मकान में किराए से रहकर पेंटिंग का काम करता था। मकानों व दुकानों में पेंटिंग का काम करके वह भरण पोषण करता था। सोमवार की सुबह अनिल बाइक से सब्जी खरीदने के लिए बाजार गया था। वापस लौटते समय कुलपहाड़ की ओर से आ रहे खाद्यान्न से लदे ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। तब ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ट्रक को कब्जे में लेकर कोतवाली ले जाने लगी, जिससे लोग भड़क गए और ट्रक चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर बेलाताल के मुख्य मार्ग में जाम लगा दिया। इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। शाम करीब चार बजे से एक घंटे जाम लगा रहा। सूचना पर एसडीएम कुलपहाड़ मोहम्मद उवैस, सीओ कुलपहाड़ रामप्रवेश राय, कोतवाली प्रभारी अनूप दुबे पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और जाम लगाए लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। तब शाम 5 बजे के बाद जाम खुल सका। पुलिस ने घटना की सूचना मोबाइल फोन के माध्यम से मृतक के परिजनों को दी है। दुर्घटना में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।