फोटो 16 एमएएचपी 17 परिचय-सेपकटकरा प्रतियोगिता में पैर से बॉल में किक मारता खिलाड़ी। संवाद
कुलपहाड (महोबा)। कस्बा कुलपहाड़ के रामरतन भुवनेश कुमार पब्लिक स्कूल व नगर पंचायत के नव निर्मित इंडोर बैडमिंटन हॉल में पुरुष और महिला वर्ग की 21वीं प्रदेशीय सेपकटकरा प्रतियोगिता का शुक्रवार से आगाज हो गया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की 20 जिलों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। पहले दिन महोबा, लखनऊ, बरेली व मुरादाबाद ने शुरुआती मुकाबले जीते।
बुंदेलखंड में पहली बार आयोजित हो रही प्रदेशीय चैंपियनशिप का शुभारंभ सांस्कृतिक प्रतियोगिता से हुआ। छात्रा कनिष्का ने शुभ दिन आयो गीत पर एकल नृत्य प्रस्तुत किया जबकि कृतिका, दिव्यांशी, आदित्या, शिविका, अंशिका, दर्शिका और दर्शिका मिश्रा ने आकर्षक वेशभूषा में राजस्थानी नृत्य पेश किया। शुरुआती मैचों में जनपद अयोध्या ने झांसी को, फिरोजाबाद ने लखीमपुर खीरी को, हापुड ने चित्रकूट को, बरेली ने बनारस को, लखनऊ ने झांसी को, बदायूं ने कौशांबी को, मुरादाबाद ने सीतापुर को व महोबा की टीम ने चित्रकूट की टीम को एकतरफा मुकाबले में पराजित कर अगले राउंड में प्रवेश किया।
संघ के जिलाध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने यूपी के 20 जिलों से आए खिलाड़ियों का आभार जताया। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष वैभव अरजरिया, भारतीय खेल प्राधिकरण के नेशनल कोच बीए शर्मा, जेएस द्विवेदी, संघ के जनरल सेक्रेटरी सुनील सीरिया, डॉ. कमलेश सक्सेना, बागपत के अनुज तोमर, प्रयागराज के विनोद कुशवाहा, अमित अग्रवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी संदीप गुप्ता, पूर्व बीएनबी प्राचार्य डॉ. लक्ष्मी नारायण अग्रवाल आदि मौजूद रहे।