विधानसभा चुनाव में 30 जनवरी से होने वाले नामंाकन के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने कलक्ट्रेट की बिल्डिंग में नामांकन कराए जाने के लिए हरी झंडी दे दी है। जिलाधिकारी वीरेश्वर सिंह ने बताया कि कलक्ट्रेट के कक्षों में नामाकंन प्रक्रिया कराई जाएगी। नामांकन के दौरान कलक्ट्रेट में वादों की तिथियां बढ़ा दी गई हैं। नामांकन प्रक्रिया कराए जाने के लिए आरओ बनाए जा रहे है।
धर्म जाति पर वोट मांगे तो एक्शन
निर्वाचन आयोग ने चुनाव से पहले ही जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश जारी कर दिए है। चुनाव में धर्म जाति के नाम पर वोट मांगने पर कार्रवाई की जाएगी। प्रत्याशियों के प्रत्येक कार्यक्रम की वीडियोग्राफी कराकर सीडी बनवाई जाएगी। सीडी के अवलोकन में धर्म जाति के नाम पर वोट मांगने का खुलासा हुआ तो कार्रवाई की जाएगी।
50 हजार रुपये से ज्यादा लेकर न चलें
चुनाव में सख्ती के चलते लोगों को सचेत किया गया है। कि वह 50 हजार रुपये से ज्यादा कैश लेकर न चलें। पकड़े जाने पर इनकम टैक्स विभाग को सूचना दी जाएगी। साथ ही रुपये जब्त कर लिए जाएंगे। हिसाब न देने पर उसके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
फोन नंबर 254918 पर करें शिकायत
चुनाव के मद्देनजर कलक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। जिसका फोन नंबर 05281-254918 है। इस पर कोई भी आचार संहिता का पालन न करने पर शिकायत दर्ज करा सकता है। साथ ही निर्वाचक नामावली फोटो पहचान पत्र से संबंधित जानकारी कर सकता है।
जान का खतरा होने पर शस्त्र रखने की छूट
जिले में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को शस्त्र जमा कराने के निर्देश जारी कर दिए। 30 जनवरी तक शस्त्र जमा कराने की अंतिम तिथि घोषित की है। शस्त्र जमा न करने के लिए शस्त्र धारक को जायज कारण बताना होगा।
चार लीटर से अधिक शराब रखने पर कार्रवाई
घर में कोई भी व्यक्ति चार लीटर शराब रख सकता है। अवैध रूप से रखने पर कड़ी कार्रवाई होगी। आबकारी विभाग से ज्यादा शराब बिक्री वाली दुकानों को चिह्नित करने को कहा गया है।
महिलाओं के लिए विशेष बूथ
हर विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं के लिए कुछ विशेष बूथ बनाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं के लिए बनाए जाने वाले विशेष बूथ में महिला मतदान कर्मचारी, महिला फोर्स भी लगाई जाएगी।