बाजार में पैदल गस्त करते डीएम व एसपी।
- फोटो : MAHOBA
महोबा /चरखारी। जिलाधिकारी मनोज कुमार व पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह ने संयुक्त रुप से थाना चरखारी का औचक निरीक्षण किया। इसके बाद कड़ी धूप में पैदल गस्त की और लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिया। इस दौरान एक कैश वैन में लापरवाही मिलने पर नाराजगी जताई।
पैदल गश्त के दौरान अफसरों ने कैश वैन को भी चेक किया। वैन में कोई कैमरा न होने पर नाराजगी व्यक्त की गई। इस संबंध में सीएमएस मैनेजर करण मेहता को दूरभाष कैश वैन में सुरक्षा के दृष्टिगत सुरक्षा के आधुनिक प्रबन्ध करने के जरुरी निर्देश दिए। गश्त के दौरान आम जनमानस व व्यापारियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिया।
इससे पूर्व थाने के निरीक्षण में मालखाना, हवालात, मेस, बैरक, कंप्यूटर कक्ष को देखा। मालखाने में माल मुकदमाती के व्यवस्थित रख-रखाव तथा नियमानुसार माल का विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिए । महिला हेल्प डेस्क के रजिस्टर व सीसीटीएनएस कक्ष की समीक्षा करते हुए महिला पुलिस कर्मियों को फरियादियों से अच्छे व्यवहार करने व उनकी समस्याओं को सुनकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी चरखारी पियूष जायसवाल, क्षेत्राधिकारी चरखारी तेजबहादुर सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना चरखारी उमापति मिश्रा, चौकी प्रभारी महिला रिपोर्टिंग उप निरीक्षक नीलम यादव सहित थाना चरखारी के अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।