महोबा। अविवाहित व्यक्ति की मौत के बाद बैंक में नॉमिनी बदलकर रुपये निकालने के मामले में शाखा प्रबंधक समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
जनपद आगरा निवासी शैलेष कुमार खरे ने बताया कि उसके मामा चंद्रभान खरे महोबा शहर के नरसिंहकुटी मंदिर के पास बने मकान में रहते थे। अविवाहित होने के चलते मामा ने उसे बैंक खाते में नॉमिनी बनाया था। 14 जून 2023 को मामा की ग्वालियर में मौत हो गई। आरोप लगाया कि इसके बाद मृतक चंद्रभान के चचेरे परिजनों ने एचडीएफसी बैंक में नॉमिनी बदलकर बैंक खाते से रुपये निकाल लिए। इसकी जानकारी मिलने पर छह फरवरी 2025 को शैलेष ने शहर कोतवाली में शिकायत की। यहां कार्रवाई न होने पर 10 फरवरी को एसपी को शिकायत भेजी। न्याय न मिलने पर पीड़ित ने न्यायालय का सहारा लिया। सीजेएम न्यायालय के आदेश पर कोतवाली में एचडीएफसी बैंक के तत्कालीन प्रबंधक अभिषेक शर्मा, मृतक के चचेरे परिजन संतोष कुमार खरे और उनके तीन बेटों अमित कुमार, रोहित कुमार व अंकित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।