महोबा। प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और जिले के प्रभारी मंत्री राकेश कुमार राठौर गुरु ने शुक्रवार को विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। जिले की नगर पालिका महोबा, नगर पालिका चरखारी, नगर पंचायत कबरई और नगर पंचायत कुलपहाड़ के लिए अहम परियोजनाओं की सौगात दी है।
प्रभारी मंत्री ने नगर पालिका महोबा के विकास के लिए वंदन योजना के तहत मां चंद्रिका देवी मंदिर परिसर और बौद्ध मठ के पास नवनिर्मित हॉल का लोकार्पण किया। वहीं ट्यूबवेल से बौद्ध मठ तक और कारकदेव मंदिर से बौद्ध मठ तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण व खनिज न्यास निधि और वंदन योजना के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में लगभग 1.75 करोड़ रुपये की लागत के सीसी सड़क और नाली निर्माण कार्यों को जनता को समर्पित किया। नगर पालिका चरखारी की ओर से पं. दीनदयाल नगर विकास योजना के तहत वार्ड रूपनगर और कजियाना में लगभग 1.17 करोड़ रुपये की लागत से तीन प्रमुख सीसी सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर जनता को सौंपा गया। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर पालिका परिसर में नवनिर्मित सार्वजनिक शौचालय का लोकार्पण किया।
नगर पंचायत कबरई की ओर से मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत 88 लाख रुपये की लागत से नगर में आधुनिक पुस्तकालय और आंबेडकर नगर वार्ड में चिल्ड्रन पार्क, इंटरलॉकिंग व नाली के निर्माण का लोकार्पण किया। साथ ही 1.85 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन रानी लक्ष्मीबाई पार्क के पास योगशाला, एक बहुउद्देश्यीय स्थल (कम्युनिटी सेंटर), वंदन योजना के तहत 1.54 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पांच पहाड़ी मंदिर, बूढ़े हनुमान मंदिर और राम जानकी मंदिर में शेड व सीसी सड़क निर्माण का भी शिलान्यास हुआ। इसके अलावा नगर पंचायत कुलपहाड़ की ओर से वंदन योजना के तहत मां बाघराजन मंदिर के विकास पर विशेष जोर दिया गया है। जिसमें 1.18 करोड़ की लागत से मंदिर के परिक्रमा मार्ग, सीसी सड़क और शेड के नीचे इंटरलॉकिंग का कार्य पूरा कराकर श्रद्धालुओं को समर्पित किया गया। वहीं लगभग 1.36 करोड़ रुपये की लागत से तहसील के सामने निकाय भूमि पर दुकानों का निर्माण और एक आधुनिक पुस्तकालय के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई।
इस मौके पर सदर विधायक राकेश गोस्वामी, जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी, भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा, जिलाधिकारी गजल भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक प्रबल प्रताप सिंह, सीडीओ बलराम कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व कुंवर पंकज, एडीएम नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम, एसडीएम सदर शिव ध्यान पांडेय, सभी निकायों के चेयरमैन व ईओ आदि मौजूद रहे।
महोबा जिले का होगा चहुंमुखी विकास
महोबा। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री राकेश कुमार राठौर गुरु ने कहा कि हमारी सरकार महोबा जिले के चहुंमुखी विकास के लिए कृतसंकल्पित है। वंदन योजना से जहां हम अपने प्राचीन आस्था केंद्रों का सुंदरीकरण कर रहे हैं। वहीं पुस्तकालयों, पार्कों और पक्की सड़कों के निर्माण से लोगों के जीवन स्तर को ऊंचा उठा रहे हैं। यह सभी परियोजनाएं महोबा जिले को एक स्वच्छ, सुंदर और विकसित जिला बनाने में मील का पत्थर साबित होंगी।