महोबा। खेत से निकलने को लेकर हुए विवाद में दंबंगों ने एक अनुसूचित जाति के परिवार पर हमला किया और घर में घुसकर उन्हें मारा-पीटा। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने उनकी शिकायत को अनसुना कर दिया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एससीएसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओंं में प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना कबरई के सुकौरा गांव निवासी बृजकिशोर अहिरवार ने न्यायालय में बताया कि उसका खेत गांव के बाहर है। खेत में जाने के लिए उसे रामविशाल के खेत में बने सेक्टर से होकर निकलना पड़ता है। गांव के अन्य लोग भी इसी सेक्टर से निकलते हैं। बताया कि वर्ष 2024 में सुकौरा के रहने वाले संदीप कुमार, हरिशंकर और हरिश्चंद्र रामविशाल के लड़के हैं, उन्होंने खेत से निकलने को लेकर उससे विवाद किया था।
बृजकिशोर का आरोप है कि शिकायत करने से नाराज होकर संदीप, हरिशंकर और हरिश्चंद्र ने पांच नवंबर 2024 की शाम घर के अंदर घुसकर हमला कर दिया। तीनों ने उसे, उसके भाई नवलकिशोर को गंदी-गंदी गालियां देते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और लाठी-डंडों से पिटाई कर दी।
बीच-बचाव करने आए परिजनों पर दबंग जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। बताया कि उसने इसकी शिकायत कबरई थाने में की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उधर, थानाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह भदौरिया का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर संदीप कुमार, हरिशंकर उर्फ पप्पू व हरिश्चंद्र उर्फ बबलू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।