सफाईकर्मी ने किया आत्मदाह का प्रयास
- फोटो : अमर उजाला
महोबा जिले के नगर पालिका में संविदा पर तैनात सफाई कर्मचारी ने दो माह का मानदेय न मिलने पर आत्मदाह का प्रयास किया। गुरुवार की दोपहर तीन वर्ष की मासूम के साथ नगर पालिका पहुंचे कर्मचारी ने ईओ कार्यालय के बाहर शरीर पर कैरोसिन छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की।
आसपास मौजूद लोगों ने दौड़कर कर्मचारी से माचिस छीन ली। जिससे बड़ी घटना टल गई। बाद में कर्मचारी को जल्द भुगतान कराने का आश्वासन देकर वापस घर भेज दिया गया। शहर के मोहल्ला माथुरनपुरा निवासी विजय कुमार नगर पालिका में ठेकेदारी पर सफाई का कार्य करता है।
विजय का आरोप है कि उसे मई व जून माह का मानदेय नहीं मिला। कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन भुगतान नहीं हो सका। जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति गड़बड़ा गई। गुरुवार की दोपहर वह अपनी तीन वर्ष की मासूम बच्ची भावना के साथ नगर पालिका पहुंचा और मानदेय न मिलने पर आत्मदाह किए जाने की बात चीख-चीखकर कहने लगा।
पहले तो कर्मचारी व अन्य लोग मजाक समझे लेकिन जब उसने अपने सिर में कैरोसिन डाल लिया और जेब से माचिस निकालकर तीली जलाने का प्रयास किया तो मौजूद कर्मचारियों हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने दौड़कर किसी तरह माचिस छीनी और उसे बचाया।
घटना के दौरान लोगों का मजमा लग गया। बाद में सफाई निरीक्षक सुनील राजपूत ने वेतन दिलाने का आश्वासन देेकर काम पर वापस भेज दिया। उधर एसडीएम/नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी मोहम्मद अवेश का कहना है कि ठेकेदार के कहने के बाद भी कर्मचारी काम पर नहीं आ रहा था। आत्मदाह का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। जांच कराकर मानदेय दिलाते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।