महोबा। सीसीटीएनएस की रैंकिंग में महोबा को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण को लेकर जारी प्रदेशस्तरीय रैंकिंग में महोबा पुलिस को शत-प्रतिशत अंक मिले। लखनऊ के अपर पुलिस महानिदेशक तकनीकी सेवाएं नवीन अरोरा ने महोबा के एसपी प्रबल प्रताप सिंह और अपर एसपी वंदना सिंह को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया।
सीसीटीएनएस पोर्टल के माध्यम से किसी भी अपराध से जुड़ी रिपोर्ट के साथ मामला किस स्थिति में है, इसकी जानकारी होती है।
मामले में कितने आरोपी गिरफ्तार हुए, पुलिस की विवेचना कहां तक पहुंची, कहां-कहां जांच की गई व चालान पेश होने तक की हर गतिविधि को सीसीटीएनएस सॉफ्टेवयर में ऑनलाइन किया जाता है। इन सभी की बेहतर फीडिंग व मॉनिटरिंग के आधार पर महोबा पुलिस को लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
अपर पुलिस निदेशक ने महोबा के एसपी व अपर एसपी को सम्मानित करते हुए भविष्य में भी इसी मनोयोग से काम करने और दायित्वों का निर्वाहन करने की बात कही। महोबा पुलिस को पिछले माह भी 100 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में पहला स्थान मिला था।