महोबा में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना राज्य सलाहकार समिति के सदस्य रविशंकर हवेलकर ने महोबा प्रवास के दौरान राघव पैलेस में अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों से बैठक की। उन्होंने कहा कि सत्ता का विकेंद्रीकरण व डॉ. बाबा साहेब के सपनों का भारत बनाने का कार्य मोदी-योगी जी कर रहे हैं।
इससे पहले किसी भी सरकार ने गरीब, दलित व अन्य वंचित वर्गों के कल्याण के लिए इतनी कल्याणकारी योजनाएं नहीं दीं। हमारी सरकार का सबका साथ सबका विकास सबका प्रयास का नारा संविधान की मूल अवधारणा को साकार कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की योगी सरकार द्वारा लखनऊ में करोड़ों रुपए की लागत से बनाया जा रहा डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मारक कई मायनों में खास होगा।
इसमें 700 लोगों का सभागार, वाचनालय, पुस्तकालय, संग्रहालय तथा 30 फीट ऊंची बाबा साहेब की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह एक यादगार आलीशान इमारत होगी, जिसमें डॉक्टर अंबेडकर पर शोध करने वाले छात्र-छात्राओं को स्कॉलरशिप भी दी जाएगी। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां बताते हुए कहाकि केंद्र व राज्य सरकार ने गरीब की बेटी के हाथ पीले करने की जिम्मेदारी उठा रखी है।
अब तक प्रदेश में 11 लाख से ज्यादा कन्याओं का विवाह सभी धर्मों के विधि अनुसार कराया गया है। अब किसी परिवार को बेटियों का विवाह करने की चिंता नहीं करनी है, यह जिम्मेदारी योगी जी ने उठा रखी है। ग्राम समाज की भूमि पर मालिकाना हक घरौनी देने का कार्य तेजी से किया जा रहा है, इस सरकार में वंचित वर्गों जैसे वनटांगिया, मुसहर, आदिवासी, कबूतरा, बंजारा, कंजर आदि समाज के लिए पक्के आवास, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, गैस सिलेंडर, रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
प्रधान मंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण हेतु 50 प्रतिशत से अधिक आबादी वाले गांवों में विकास कार्य कराया जा रहा है। बिजली, पानी, सड़क, सफाई, स्वास्थ्य,शिक्षा, विद्यालय, विद्युत आपूर्ति, टीकाकरण, राशन कार्ड, आंगनवाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, सामुदायिक भवन, शुद्ध पेयजल, सड़कों का निर्माण आदि कार्य शामिल हैं।