मृतका छात्रा प्रतीक्षा की फाइल फोटो।
- फोटो : MAHOBA
खरेला (महोबा)। मुस्करा-खरेला मार्ग पर बाबू रामेश्वर सिंह महाविद्यालय के समीप तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे छात्रा की मौत हो गई। उसकी दो सहेली और उनके पिता घायल हो गए। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
थाना खरेला के कुआं गांव निवासी भवानीदीन यादव की दो पुत्रियां आराधना (15) व अर्चना (14) गोकुल प्रसाद बालिका इंटर कॉलेज में नवीं की छात्रा हैं। शुक्रवार को दोनों छात्राओं की गृह विज्ञान प्री बोर्ड की परीक्षा थी। पुत्रियों को परीक्षा दिलाने के लिए भवानीदीन उन्हें बाइक से कॉलेज छोड़ने आया था।
दोपहर 12 बजे परीक्षा छूटने पर वह दोनों बेटियों को बाइक पर बैठाकर घर आने लगा। तभी कुआं गांव की ही बेटियों की सहेली प्रतीक्षा सेन (13) मिल गई। वह उसी विद्यालय में कक्षा नवीं की छात्रा थी। तीनों छात्राओं को बैठाकर भवानीदीन घर जाने लगा। तभी पीछे से आ रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे सबसे पीछे बैठी प्रतीक्षा डंपर की चपेट में आ गई। पिता व पुत्रियां दूसरी साइड में गिरीं। गंभीर हालत में सभी को सीएचसी चरखारी पहुंचाया गया। प्रतीक्षा की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर डंपर व उसके चालक की तलाश में जुट गई है।