पौलेंड से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे हेमेन्द्र सिंह।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। चरखारी के जयेंद्र नगर निवासी हेमेंद्र सिंह गुरुवार को पोलैंड से दिल्ली पहुंच गए। वह शुक्रवार को अपने घर पहुंचेगे। बेटे की वतन वापसी से परिजनों की आंखें खुशी के आंसुओं से छलक उठीं।
हेमेंद्र सिंह ने परिजनों से बातचीत में बताया कि हमें कुछ वीडियो में देखने को मिल रहा था कि पोलैंड बॉर्डर में भारतीयों के साथ मारपीट, छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और बॉर्डर क्रॉस करने में कई घंटों का इंतजार सहित अव्यवस्था है, लेकिन हमें अच्छी व्यवस्था देखने को मिली। बॉर्डर क्रॉस करते ही भारतीय दूतावास के कर्मचारी हमें एक फाइव स्टार होटल ले गए। वहां हमारे रहने और खाने की सुविधा मुफ्त में की गई।
पूर्व भारतीय थल सेनाध्यक्ष व वर्तमान सड़क परिवहन राज्यमंत्री वीके सिंह मिलने आए। कैरियर के बारे में चिंता जताए जाने पर आश्वासन मिला कि इस त्रासदी को झेल रहे सभी भारतीय छात्रों के एमबीबीएस की डिग्री पूर्ण कराने की वैकल्पिक बंदोबस्त के प्रयास किए जाएंगे। इसके बाद हमें एयरपोर्ट ले जाकर फ्लाइट में बैठा दिया गया है और अब हम दिल्ली आ गए हैं। यहां से कैब द्वारा सुरक्षित घर तक भेजने का प्रबंध करने का आश्वासन दिया गया है।
हंगरी पहुंचे राज, फ्लाइट का इंतजार
पनवाड़ी के राज द्विवेदी यूक्रेन से हंगरी पहुंच चुके हैं। वह एक होटल में ठहरे हैं। भारतीय फ्लाइट के आने का इंतजार कर रहे हैं। राज के पिता संजय द्विवेदी ने बताया कि बेटे को लेने के लिए वह दिल्ली जाएंगे, अभी उसे फ्लाइट नहीं मिली है। शुक्रवार को उसे फ्लाइट मिल सकती है। राज जिस होटल मेें है वहां खाने का पर्याप्त इंतजाम हैं। किसी प्रकार की दिक्कत नहीं है। जल्द ही वह सकुशल घर आ जाएगा।