महोबा। रोडवेज विभाग के सचल दल ने महोबा डिपो की दो बसों से 13 लोगों को बिना टिकट यात्रा करते पकड़ा।
मंगलवार को यातायात अधीक्षक अपर्णा मीनाक्षी ने राठ-महोबा मार्ग पर दिल्ली से आ रही महोबा डिपो की बस को रोककर चेकिंग की तो उसमें सात यात्री बिना टिकट के मिले। पूछने पर बताया कि परिचालक ने उनसे रुपये ले लिए लेकिन टिकट नहीं दिया। जिस पर टीम ने परिचालक से मार्ग प्रपत्र लिया और उसमें सात के बिना टिकट यात्रा करते हुए मिलने की टिप्पणी अंकित की। परिचालक पर 4025 रुपये की पेनाल्टी लगाई। वही परिचालक दिनेश का आरोप है कि चेकिंग दल ने बस में सवार तीन विभागीय कर्मियों को निगम का स्टाप नहीं माना, जो आपत्तिजनक है।
इसी तरह राठ से महोबा आ रही बस को खन्ना में एआरएम हमीरपुर अकील खान ने चेक किया। बस में छह यात्री बिना टिकट यात्रा करते मिले। परिचालक से मार्ग पत्र कब्जे में लेकर डब्ल्यूटी अंकित की तथा 2926 रुपये की पेनाल्टी लगाई।
जिसमें परिचालक नर सिंह ने चार यात्रियों को चालक के परिजन बताया है। एआरएम हेमंत मिश्रा का कहना है कि दो बसों में 13 यात्री बिना टिकट मिले हैं। दोनों बसों के चालक-परिचालक पर रूट आफ की कार्रवाई की गई है।