मृतक किसान रामकिशन की फाइल फोटो।
- फोटो : MAHOBA
श्रीनगर (महोबा)। कस्बा श्रीनगर के मोहल्ला भैरवगंज में फसल की सिंचाई करते समय किसान की ठंड लगने से मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहसीलदार ने लेखपाल को जांच के लिए गांव भेजा है।
मोहल्ला भैरवगंज निवासी परमानंद कुशवाहा के पुत्र रामकिशन (25) के नाम आठ बीघा भूमि थी। जिसमें उसने चना, गेहूं व मटर की फसल बोई थी। पिछले माह अतिवृष्टि व ओलावृष्टि से 50 फीसदी फसल बर्बाद हो गई। बुधवार की रात किसान रामकिशन गेहूं की फसल की सिंचाई कर रहा था। तभी अचानक सीने में दर्द हुआ और हाथ-पैर अकड़ने पर वह अचेत होकर गिर गया। आनन-फानन परिजन उसे अस्पताल ले जाने लगे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी पूनम ने बताया कि पति पर इंडियन बैंक श्रीनगर का केसीसी पर 80 हजार रुपये कर्ज था। फसल बर्बाद होने से वह परेशान रहते थे। रात में सिंचाई करते समय ठंड लगने से मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच की। उधर, तहसीलदार बालकृष्ण सिंह का कहना है कि घटना की सूचना मिली है। लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।