श्रीनगर थाने में कार्रवाई करती पुलिस।
- फोटो : MAHOBA
श्रीनगर (महोबा)। यूपी-एमपी के कैमाहा बॉर्डर पर बिना नंबर की काले रंग की स्कॉर्पियो से 1.80 लाख रुपये मिले हैं। जिसका मालिक हिसाब नहीं दे सका। अधिकारियों ने धनराशि जब्त कर ट्रेजरी में जमा कराया है।
बता दें कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश के बॉर्डर कैमाहा पर उड़नदस्ता एवं थाना पुलिस ने अवैध शराब, नकदी आदि के लिए चेकिंग अभियान शुरू किया गया है। इसी के तहत रविवार को उड़नदस्ता प्रभारी वाणिज्य कर अधिकारी धर्मेंद्र कुमार एवं श्रीनगर थाना प्रभारी अनिल कुमार सघन चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान नौगांव मध्य प्रदेश की ओर से ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो जिस पर नंबर अंकित नहीं था, आई। तलाशी के दौरान गाड़ी में 1,80,700 रुपया बरामद किया गया। गाड़ी में बैठे लोग इस धनराशि का हिसाब नहीं दे सके। उड़नदस्ता टीम थाने आई और लिखा-पढ़ी करने के बाद इस धनराशि को कोषागार में जमा कराया गया। गाड़ी मालिक रविंद्र द्विवेदी ग्राम उतरौला थाना चाकघाट जिला रीवा मध्य प्रदेश का बताया जा रहा है।
उड़नदस्ता प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि धनराशि का लेखा-जोखा मांगा गया और कहां से कहां जा रहे थे यह भी पूछा गया लेकिन कई बार गलत जवाब दिए गए। इसके चलते संदेह हो गया और रकम को जब्त कर लिया गया। मिली धनराशि का हिसाब न दे पाने पर चुनाव में खर्च करने की आशंका जताई जा रही है।