श्रीनगर (महोबा)। चुनाव आयोग की बिना अनुमति के कांग्रेस की प्रचार सामग्री बांट रहे दो समर्थकों पर पुलिस ने आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की है।
इनके पास से एक सैकड़ा से ज्यादा मोबाइल कवर मिले हैं जिस पर कांग्रेस प्रत्याशी सागर सिंह की फोटो लगी है। पुलिस ने वाहन समेत प्रचार सामग्री को जब्त कर लिया है।
बता दें कि जिला निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी अनिल कुमार द्वारा गठित टीम के प्रभारी उप निरीक्षक सुरेंद्र नाथ हमराही के साथ थाना क्षेत्र के ग्राम चितैया जा रहे थे। तभी गांव के बाहर बोलेरो गाड़ी पर सवार दो व्यक्ति ग्रामीणों को मोबाइल कवर जिस पर कांग्रेसी नेता सागर सिंह का फोटो लगा हुआ था वितरण कर रहे थे। इस पर पुलिस ने उनसे चुनाव आयोग की अनुमति की कॉपी मांगी लेकिन उपलब्ध नहीं करा सके।
थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया गया है। वहीं दोनों व्यक्तियों को मुचलके पर छोड़ा गया है। वाहन से 102 मोबाइल कवर बरामद हुए। पकड़े गए मुकेश कुमार मिश्रा पुत्र राम मित्र मिश्रा निवासी अकसोहा जिला सीतापुर एवं वाहन चालक महेंद्र मिश्रा जिला सीतापुर पर चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा पंजीकृत किया गया है। वाहन महेंद्र मिश्रा का है।