महोबा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद प्रशासन ने भी शहर में लगे होर्डिंग समेत अन्य प्रचार-प्रसार की सामग्री हटा दी है। रैली या जुलूस की अनुमति न होने के बाद अब विभिन्न पार्टी के कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने सोशल मीडिया को प्रचार व प्रसार का जरिया बना लिया है। सभी राजनीतिक दल व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए आमजन से मत और समर्थन की अपील करते नजर आ रहे हैं। वहीं, प्रत्याशियों ने विभिन्न पब्लिक रिलेशन (पीआर) का सहारा लेकर कंपनियों को काम सौंप दिया है।
कांग्रेस प्रत्याशी ने सौंपा पीआर कंपनी को काम
सदर विधानसभा महोबा से कांग्रेस उम्मीदवार चौधरी सागर सिंह सोशल मीडिया में प्रचार-प्रसार को लेकर सक्रिय हैं। उन्होंने एक पीआर कंपनी को काम सौंप दिया है। जिसमें 250 लोग काम कर रहे हैं। फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, यूट्यबू के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसके अलावा पार्टी के 500 वालंटियर घर-घर दस्तक दे रहे हैं।
सपाई सोशल मीडिया पर हर गतिविधि कर रहे शेयर
समाजवादी पार्टी के सोशल मीडिया विंग के प्रभारी रोहित यादव ने बताया कि सोशल मीडिया पर सक्रियता तेज कर दी गई है। जो भी पार्टी की गतिविधियां होती हैं उन्हें शेयर किया जा रहा है। विधानसभावार अलग से टीमें बनाई जा रही है। वहीं, जिला प्रान सिंह यादव ने बताया कि कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर पार्टी के लिए काम कर रहे हैं।
बीजेपी ने मंडल स्तर पर बनाईं प्रचार के लिए टीमें
भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी शशांक गुप्ता ने बताया कि पार्टी की हर गतिविधि सोशल मीडिया में रहती है। हमारा प्रयास है कि कोविड में सोशल मीडिया के माध्यम से हमारे संदेश आमजन तक पहुंचे, इसके लिए मंडल स्तर पर टीमें बनाई गई हैं। इसमें प्रदेश स्तर पर जो एक्टिविटी होती हैं, उन्हें शेयर किया जाता है।
बूथ पर सक्रिय हैं कार्यकर्ता
बसपा जिलाध्यक्ष गंगादीन अहिरवार का कहना है कि पार्टी ने सोशल मीडिया में सक्रियता बढ़ा दी है। प्रत्येक बूथ पर पांच कार्यकर्ता लगाए हैं। जो पार्टी की नीतियों को सोशल मीडिया के माध्यम से आगे बढ़ा रहे हैँ। अभी प्रत्याशियों की घोषणा के बाद गतिविधियां और तेज कर दी जाएंगी।