महोबा। अलग-अलग आठ आईडी से ई-टिकट बनाकर गलत तरीके से बेचने की सूचना पर आरपीएफ पुलिस ने कोतवाली चरखारी के स्वासामाफ गांव के जनसेवा केंद्र में छापा मारा। जहां से एक युवक को गिरफ्तार कर गलत तरीके से बनाए गए 31 ई-टिकट बरामद किए गए। टीम ने सीपीयू व मोबाइल जब्त कर मामला दर्ज किया है।
प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रेलवे रविंद्र वर्मा व मंडल सुरक्षा आयुक्त झांसी आलोक कुमार के निर्देश पर आरपीएफ निरीक्षक रजिंद्र कुमार व एसआई मनोज कुमार ने टीम के साथ ई-टिकटों का अवैध कारोबार करने वाले जनसेवा केंद्र स्वासामाफ में छापा मारा। जहां से संचालक सुरेश कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में संचालक ने बताया कि वह आठ निजी यूजर आईडी से ई-टिकट बनाता था। टीम ने आगामी व पिछली यात्रा के बने कुल 31 ई-टिकट बरामद किए। जिनकी कीमत 12,629 रुपये मिली। टीम ने सीपीयू व मोबाइल जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 143 रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की है।