कबरई (महोबा)। छह माह पहले दुष्कर्म का शिकार अनुसूचित जाति की युवती की हमीरपुर के मौदहा स्थित एक प्राइवेट क्लीनिक में गर्भपात के दौरान हुई मौत के मामले में पुलिस ने सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्राइवेट क्लीनिक की महिला डॉक्टर समेत सभी आरोपियों को जेल भेजा गया।
थाना कबरई के एक गांव निवासी 20 वर्षीय युवती छह माह पहले खेत गई थी। जहां पड़ोसी गांव के शैलेंद्र ने दुष्कर्म किया और किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। युवती के गर्भवती होने पर आरोपी उसका गर्भपात कराने के लिए हमीरपुर के मौदहा कस्बा स्थित एक प्राइवेट क्लीनिक ले गए। 28 सितंबर की देर शाम युवती की गर्भपात के दौरान मौत हो गई थी। मृतका के पिता ने आरोपी, उसके पिता, चाचा व गर्भपात कराने वाली महिला डॉक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
थाना कबरई पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दुष्कर्म व गर्भपात कराने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि दुष्कर्म व गर्भपात कराने वाले आरोपी शैलेंद्र, उसके पिता राम नारायण विश्वकर्मा, चाचा शिव नारायण विश्वकर्मा व हिना हमीद हॉस्पिटल छिमौली रोड मौदहा की डॉ. हिना हमीद उर्फ हिना इशरत को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेेशी के बाद जेल भेजा गया।