महोबा। क्रशर व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी की मौत के बाद सोमवार को कस्बा कबरई का पूरा बाजार बंद रहा। क्रशर प्लाटों में ताले लटके रहे तो पहाड़ों में खनन का काम बंद रहा। सुबह से ही सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। चौराहों व प्रमुख स्थानों पर पुलिस फोर्स के अलावा कोई भी नजर नही आया। व्यापारी की मौत के बाद पूरा कस्बा शोक में डूबा रहा।
तत्कालीन एसपी मणिलाल पाटीदार पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाकर वीडियो वायरल करने के बाद अज्ञात लोगों द्वारा व्यापारी इंद्रकांत को गोली मार दी गई थी। एक सप्ताह पहले गोली लगने से घायल व्यापारी की रविवार रात मौत हो गई। घटना की सूचना कस्बे में फैलते ही व्यापारियों में गम व गुस्सा नजर आया। घटना को लेकर सोमवार को कस्बा कबरई का मुख्य बाजार समेत गली कूचों की दुकानें भी बंद रही। क्रशर व पहाड़ों में काम बंद रहा।
कस्बे के मोहल्लों से लेकर चौराहों तक सन्नाटा पसरा रहा। चारों ओर पुलिस फोर्स की चहलकदमी नजर आई। अधिकांश लोग दहशत के चलते घरों में कैद रहे। पुलिस मोहल्लों में घूमकर जायजा लेती रही तो पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव कई थानों की पुलिस के साथ मोहल्लों में जाकर जानकारी एकत्र करते रहे। घरों के दरवाजों पर बैठे इक्का-दुक्का लोगों के चेहरों पर उदासी नजर आई।