महोबा। कीरत सागर के समीप अतिक्रमण से शुक्रवार की सुबह जाम लग गया। भीषण गर्मी में एक घंटे तक लगे जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे। कई स्कूली बसें भी फंसी रही। शिकायत के बाद भी अतिक्रमण न हटाए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
शहर में कीरत सागर के समीप सब्जी मंडी के लिए स्थान निर्धारित हैं लेकिन थोक सब्जी विक्रेता सड़क किनारे ही बैठ रहे हैं। खरीद-फरोख्त के लिए आने वाले किसानों व व्यापारियों की भीड़ होने से सुबह के समय प्रतिदिन जाम की स्थित बन रही है। शुक्रवार की सुबह सब्जी मंडी के पास जाम लग गया। जाम में छोटे-बड़े वाहनों के अलावा स्कूली बसें फंस गईं। एक घंटे तक भीषण जाम लगा रहने से वाहन चालक परेशान रहे। जानकारी पर पहुंचे ट्रैफिक सिपाहियों ने एक-एक कर वाहनों को आगे बढ़ाया, तब जाम खुल सका।
अभिभावक रामप्रकाश, दिनेश, हीरालाल, प्रमोद आदि का कहना है कि निर्धारित स्थान पर सब्जी मंडी लगवाने के लिए कई बार प्रशासन से मांग की गई लेकिन किसी ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। जिससे सब्जी विक्रेता मनमानी पर आमादा है और सड़क पर ही दुकानें लगा रहे हैं। उधर सीओ सिटी राम प्रवेश राय का कहना है कि सब्जी विक्रेताओं को निर्धारित स्थान पर दुकानें लगाने की हिदायत दी गई है, कार्रवाई की जाएगी।