सीसीटीवी फुटेज में कैद जिला अस्पताल से भागता आरोपी।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। लूट में फरार चल रहे आरोपी को पुुलिस ने गुरुवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे कोरोना की जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा। वहां से आरोपी पुलिस कर्मियों को चकमा देकर भाग गया। एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे दोबारा दबोच लिया। दोपहर बाद उसे कोर्ट में पेश किया। वहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। अस्पताल से भागते समय आरोपी वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था।
शहर के मोहल्ला भीतरकोट निवासी हेमंत श्रीवास लूट के मामले में फरार चल रहा था। न्यायालय ने आरोपी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। इसके बाद भी वह कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ। गुरुवार की सुबह कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने हेमंत श्रीवास को कीरत सागर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को जिला अस्पताल में पुलिस अभिरक्षा में कोरोना और मेडिकल के लिए ले जाया गया। वहां सिपाही कोरोना जांच के लिए पर्चा बनवाने चला गया। इस दौरान आरोपी होमगार्ड को चकमा देकर जिला अस्पताल से भाग निकला। इससे पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने हमीरपुर चुंगी के पास से हेमंत को दोबारा गिरफ्तार कर लिया।