फोटो 01 एमएएचपी 08 परिचय-शहर में कचहरी के बाहर जाम लगाए अधिवक्ताओं को समझाते सीओ रविकांत गोंड।
महोबा। कचहरी से घर जा रहे अधिवक्ता पर जानलेवा हमला करने के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से बुधवार को अधिवक्ताओं ने हड़ताल करते हुए सुबह 11 बजे कचहरी की मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सीओ ने 24 घंटे के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया तब एक घंटे बाद जाम खुल सका।
बरातपहाड़ी गांव निवासी अधिवक्ता सतीश अवस्थी मंगलवार की शाम बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में मुल्ला का खोड़ा के पास छह लोगों ने घेराबंदी कर पहले फायरिंग की और बाद में डंडा, सब्बल व पत्थरों से हमलाकर लहूलुहान कर दिया था। अधिवक्ता को जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घायल के भाई संजय की तहरीर पर पुलिस ने आकाश, विकास, अनीस, कैलाश, अजय और हनी के खिलाफ देर रात प्राथमिकी दर्ज की थी।
बुधवार को किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से वकीलों ने हड़ताल कर दी। सुबह करीब 11 बजे मुख्य सड़क पर जाम से दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बालेंद्र पाराशर, महामंत्री राजेंद्र तिवारी, कोषाध्यक्ष मनीष तिवारी आदि का कहना था कि पुलिस ने पहले देरी से प्राथमिकी दर्ज की और अब आरोपियों की गिरफ्तारी में रुचि नहीं दिखाई जा रही है। सीओ रविकांत गोंड के आश्वासन पर वकील शांत हुए।